शिक्षकों का डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन, भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा; 400 शिक्षकों ने दिया धरना

Tuesday, August 11, 2026 - 21:38
Updated: 10 hours ago
0
शिक्षकों का डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन, भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा; 400 शिक्षकों ने दिया धरना

जौनपुर,09 अगस्त। यूपी के जौनपुर में शिक्षकों की प्रमुख मांगों और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में सोमवार को माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों से करीब 400 शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष तेरस यादव ने की। उन्होंने गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन में पारित शिक्षकों की प्रमुख मांगों से साथियों को अवगत कराया और डीआईओएस कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह ने कहा कि वर्ष 2000 के बाद नियुक्त मानदेय शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानदेय शिक्षक पूरी निष्ठा से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की पदोन्नति संबंधी पत्रावलियां कई महीनों से कार्यालय में लंबित हैं। 18 जुलाई को बैठक होने के बावजूद अभी तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि एनपीएस से ओपीएस में जाने वाले शिक्षकों की एनपीएस धनराशि अभी तक जीपीएफ खाते में स्थानांतरित नहीं की गई है। कई विद्यालयों के विनियमितीकरण की पत्रावलियां भी डीआईओएस कार्यालय तक नहीं पहुंची हैं। वर्ष 2000 के बाद नियुक्त मानदेय शिक्षकों के 20 से 30 मई तक के भुगतान को भी बिना आदेश रोके जाने का आरोप लगाया गया। रेहारी पतरही इंटर कॉलेज के एक शिक्षक के पदोन्नति प्रकरण को भी कई महीनों से लंबित रखने की बात कही गई।

रमेश सिंह ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं के पीछे धन की उगाही का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लेखाधिकारी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए शिक्षकों के उत्पीड़न को बंद करने की चेतावनी दी। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक से सभी लंबित समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन कार्यालय में तालाबंदी करने के लिए बाध्य होगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि डीआईओएस कार्यालय में सुविधा शुल्क के आधार पर फाइलों के निस्तारण की शिकायतें मिल रही हैं। संगठन इस तरह की कार्यप्रणाली को बर्दाश्त नहीं करेगा।

धरने को मंडल अध्यक्ष सरोज कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष हसन सईद, उपाध्यक्ष दयाशंकर यादव, ओमप्रकाश सिंह और मीडिया प्रभारी राजेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन जिला मंत्री ठाकुर प्रसाद तिवारी ने किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 शिक्षक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
VISHWA PRAKASH SRIVASTAVA

Vishwa prakash srivastava (JAURANLIST) JAUNPUR ADD MOHALLA RUHTTA

Comments (0)

User