मथुरा में सुबह दौड़ रहे युवाओं को अज्ञात वाहन ने रौंदा, 9 गंभीर घायल; चालक मौके से फरार
मथुरा के सौंख क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। नौकरी की तैयारी के लिए सड़क पर दौड़ रहे युवाओं को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में नौ युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे गोवर्धन रोड पर तसिया गांव के पास 15 से अधिक युवक दौड़ का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में बीनू, टीटू, कन्हैया लाल, चिंटू, जगमोहन, सौरव, दीपक, कन्हैया सिंह और पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दौड़ रहे युवाओं को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारी है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फरार वाहन व उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)