किसानों को नवाचार और मूल्य संवर्धन अपनाने की सलाह, जर्जर बिजली लाइनें बदलने के निर्देश

Wednesday, July 22, 2026 - 21:41
Updated: 3 days ago
0
किसानों को नवाचार और मूल्य संवर्धन अपनाने की सलाह, जर्जर बिजली लाइनें बदलने के निर्देश

हरदोई। विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में किसान दिवस का आयोजन हुआ। बैठक में किसानों की समस्याएं सुनने के साथ कृषि, सिंचाई, विद्युत और सहकारिता से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नए बिजली कनेक्शन के लिए यदि विद्युत लाइन से उपभोक्ता के घर की दूरी 300 मीटर तक है तो केबल निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए निर्धारित कनेक्शन शुल्क 5,000 से 8,000 रुपये जमा करना होगा। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ नवाचार, मूल्य संवर्धन और एफपीओ के माध्यम से प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, मशरूम, केला और फ्लोरीकल्चर जैसी लाभकारी फसलों की खेती पर जोर देने को कहा।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जर्जर तार और टूटे पोल तत्काल बदलने तथा सिंचाई विभाग को नहरों की पटरियों की मरम्मत कराने और टेल तक समय से पर्याप्त पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।

उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि खरीफ 2026 में दलहनी और तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभाग द्वारा इनके बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि माइकोराइजा कल्चर का उपयोग करने वाले किसान धान की रोपाई के 10 से 15 दिन बाद 4 किलोग्राम माइकोराइजा को 15 किलोग्राम गोबर या कम्पोस्ट खाद में मिलाकर खेत में डालें। एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एआईएफ) के तहत पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने बताया कि सहकारी समितियों की मरम्मत के लिए शीघ्र बजट प्राप्त होगा। उन्होंने उर्वरक संबंधी किसी भी समस्या की सूचना जिला स्तर पर देने की अपील की।

बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र हरदोई और संडीला के वैज्ञानिकों ने धान की रोपाई और कम वर्षा की स्थिति में दलहनी फसलों की खेती पर जानकारी दी। उद्यान, पशुपालन, विद्युत, खाद्य एवं विपणन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी।

किसानों ने बंद पड़ी सहकारी समितियों को पुनः संचालित कराने, सड़कों की पटरियों की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई और शाम के समय होने वाली बिजली कटौती रोकने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा अगले किसान दिवस में कार्रवाई रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User