ओवैसी का हमला: बोले- युवाओं ने सरकार को झुकाया, अब तानाशाही नहीं चलेगी; पीएम को रात में बनानी पड़ी वीडियो
मुरादाबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुरादाबाद दौरे के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे युवाओं के संघर्ष और लोकतांत्रिक आंदोलन की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह उन छात्रों और युवाओं की सफलता है जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाई।
ओवैसी ने कहा कि यह संघर्ष इस बात का संदेश है कि लोकतंत्र संविधान के दायरे में ही चलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार यह सोचती है कि वह मनमाने ढंग से फैसले ले सकती है, तो इस आंदोलन ने स्पष्ट कर दिया है कि देश में तानाशाही नहीं चलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हालात ऐसे बने कि प्रधानमंत्री को भी देर रात वीडियो जारी करना पड़ा।
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि यह जीत उन तमाम युवाओं की है जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी और युवाओं का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ओवैसी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुसलमानों के पास अब एक बड़ा राजनीतिक विकल्प मौजूद है और उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी एआईएमआईएम की आवाज सुनाई देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)