एयर सुविधा 2.0 के नाम पर ठगी से सावधान! सरकार ने जारी किया अलर्ट, सेवा पूरी तरह मुफ्त
नई दिल्ली। विदेश से भारत आने वाले यात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने अहम चेतावनी जारी की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 'एयर सुविधा 2.0' के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सरकारी सेवा पूरी तरह निशुल्क है और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
सरकार के अनुसार, कुछ फर्जी वेबसाइटें आधिकारिक एयर सुविधा 2.0 पोर्टल की नकल कर यात्रियों को गुमराह कर रही हैं। ये वेबसाइटें हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरने के नाम पर लोगों को पेमेंट गेटवे पर भेजकर पैसे वसूलने की कोशिश कर रही हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म जमा करने के लिए किसी भी तरह का भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत और यात्रा संबंधी जानकारी साझा करने से पहले वेबसाइट का लिंक अच्छी तरह जांच लें। किसी भी अनधिकृत वेबसाइट पर भुगतान न करें और केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल का ही उपयोग करें। यदि कोई वेबसाइट या व्यक्ति इस सेवा के लिए शुल्क मांगता है, तो उसकी तुरंत शिकायत करें।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) द्वारा शुरू किया गया 'एयर सुविधा 2.0' एक उन्नत और पूरी तरह कॉन्टैक्टलेस पैसेंजर हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन पोर्टल है। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को सुरक्षित और सरल तरीके से एकत्र करना है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा कांगो और युगांडा में इबोला वायरस के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद भारत ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर स्वास्थ्य निगरानी को और मजबूत करने के लिए एयर सुविधा 2.0 प्रणाली लागू की है। सरकार ने यात्रियों से अफवाहों और फर्जी वेबसाइटों से सतर्क रहने तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)