निकोलस मादुरो पर ड्रग तस्करी मामले की सुनवाई आज, अमेरिकी अदालत में कानूनी लड़ाई तेज
न्यूयॉर्क। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस अमेरिका में कथित नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में बुधवार को प्री-ट्रायल सुनवाई के लिए अदालत में पेश होंगे। दोनों ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। मामले में सुनवाई के दौरान मादुरो के वकील अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की वैधता को अदालत में चुनौती देने की तैयारी में हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, जनवरी में सैन्य कार्रवाई के दौरान मादुरो और फ्लोरेस को काराकास स्थित उनके आवास से हिरासत में लेकर न्यूयॉर्क लाया गया था। वर्तमान में 63 वर्षीय निकोलस मादुरो और 69 वर्षीय सीलिया फ्लोरेस ब्रुकलिन की जेल में बंद हैं। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि मादुरो ने वेनेजुएला के कानून प्रवर्तन तंत्र की मदद से बड़े ड्रग तस्करों का साथ दिया और अमेरिका में भारी मात्रा में कोकीन भेजने की साजिश का हिस्सा रहे। यदि जूरी इन आरोपों को सही मानती है, तो दोनों को उम्रकैद की सजा हो सकती है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने इस कार्रवाई को छह वर्ष पुराने आपराधिक मामले में की गई वैधानिक कार्रवाई बताया है। वहीं, मादुरो ने अपनी गिरफ्तारी को "अपहरण" और स्वयं को "युद्धबंदी" बताया है। अदालत में पिछली पेशी के दौरान उन्होंने स्पेनिश भाषा में कहा था कि वह निर्दोष हैं, एक भले इंसान हैं और अपने देश के संवैधानिक राष्ट्रपति हैं।
मादुरो के वकील बैरी पोलक का कहना है कि वे अदालत में इस सैन्य कार्रवाई की वैधता को चुनौती देंगे। उनके अनुसार, मुकदमे की शुरुआत से पहले अदालत को कई जटिल कानूनी और संवैधानिक पहलुओं पर विचार करना होगा। फिलहाल मादुरो और सीलिया फ्लोरेस ने जमानत की मांग नहीं की है। मामले की सुनवाई कर रहे जज एल्विन के. हेलरस्टीन ने अभी तक मुकदमे की अंतिम तारीख तय नहीं की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)