रांची में BJP-Congress कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, अंडेबाजी-पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। हरमू रोड पर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद नारेबाजी, धक्का-मुक्की और हिंसक झड़प शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में एक मीडियाकर्मी के घायल होने की भी सूचना है। इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हरमू मैदान से जुलूस निकालकर भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से उनका सामना हो गया। दोनों पक्षों के बीच पहले नारेबाजी हुई, फिर धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से अंडेबाजी और पत्थरबाजी हुई। कुछ लोगों के हाथों में डंडे भी देखे गए, जिनका इस्तेमाल मारपीट में किया गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों को तितर-बितर किया। घायल मीडियाकर्मी को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
यह प्रदर्शन NEET पेपर लीक मामले को लेकर आयोजित किया गया था, जिसमें कांग्रेस केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही थी। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के प्रदर्शन का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान दोनों दलों के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई।
गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले भाजपा ने जेपीएससी और कथित भर्ती घोटालों के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था। इसी राजनीतिक तनातनी के बीच गुरुवार को दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही भाजपा प्रदेश कार्यालय और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया था। मौके पर अग्निशमन वाहन, वाटर कैनन और अन्य सुरक्षा संसाधन भी मौजूद थे। हरमू रोड पर बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)