महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने हरदोई में स्कूल, अस्पताल व जेल का किया निरीक्षण

Wednesday, July 22, 2026 - 21:42
Updated: 3 days ago
0
महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने हरदोई में स्कूल, अस्पताल व जेल का किया निरीक्षण

हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने मंगलवार को हरदोई के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और बाल कल्याण से जुड़े संस्थानों का दौरा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

निरीक्षण की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सुरसा से हुई। यहां छात्राओं ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर उनका स्वागत किया। उपाध्यक्ष ने विद्यालय की साफ-सफाई, शैक्षणिक व्यवस्था और कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया तथा छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद उन्होंने धन्नूपुरवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। बच्चों को फल वितरित किए और उनकी कविताएं सुनकर प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने बच्चों के पोषण और समुचित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

अर्पणा यादव ने वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर वहां रह रही पीड़ित महिलाओं से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

100 शैया संयुक्त चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेबर रूम, ओपीडी और एसएनसीयू सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने जिला कारागार पहुंचकर महिला बंदियों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और फल वितरित किए। उन्होंने महिला बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में निरीक्षण भवन में बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण और महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

इस दौरान उपजिलाधिकारी (न्यायिक) शाहाबाद शिवानी सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम, महिला थानाध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User