ओवरलोड ट्रक ने पीटीओ की गाड़ी में मारी टक्कर, पुलिस पीछा करती रही और चालक फरार
चेकिंग से बचने के लिए ट्रक चालक ने तोड़ा पुलिस बैरियर, मक्का के खेत के पास छोड़ गया वाहन
बदायूं (आरएनआई) बदायूं में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चल रही संयुक्त चेकिंग के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रक चालक ने परिवहन विभाग की टीम को ही निशाना बना दिया। आरोप है कि ट्रक चालक ने रोकने के इशारे के बावजूद पीटीओ की कार में टक्कर मार दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने कई थानों की घेराबंदी कर ट्रक का पीछा किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। देखिए ये रिपोर्ट।
तस्वीरें बदायूं-बरेली बॉर्डर क्षेत्र की हैं, जहां ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई चल रही थी। बरेली और बदायूं परिवहन विभाग की टीम अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान शाहाबाद की ओर से बजरफुट लेकर आ रहे एक ट्रक को रोकने का इशारा किया गया। आरोप है कि चालक ने ट्रक रोकने के बजाय पीछे से बरेली के पीटीओ विनय कुमार की गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में अधिकारी बाल-बाल बच गए, जबकि सरकारी वाहन मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद परिवहन विभाग ने तुरंत वजीरगंज, कुवरगांव और बिसौली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस से बचने के लिए चालक ट्रक को कई मार्गों पर दौड़ाता रहा। इस दौरान बगरैन रिपोर्टिंग चौकी पर लगे पुलिस बैरियर को भी तोड़ दिया गया। काफी देर तक चली पीछा कार्रवाई के बाद चालक मक्का के खेत के पास ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है और आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)