ईरान-जर्मनी के विदेश मंत्रियों की बातचीत, मोजतबा खामेनेई ने छह अहम पदों पर की नियुक्तियां
ईरान और जर्मनी के विदेश मंत्रियों ने होर्मुज जलडमरूमध्य और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर फोन पर बातचीत की। इस दौरान संघर्ष खत्म करने के तरीकों और समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर चर्चा हुई। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह स्वस्थ बताया।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल के बीच हुई बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अराघची ने कहा कि जलडमरूमध्य की सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब अमेरिका अपने सैन्य अभियान बंद करे। उन्होंने अमेरिका की ओर से ईरान के बंदरगाहों पर लगाई गई नाकाबंदी का भी जिक्र किया।
अराघची ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कहा कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होता है, तो उससे होने वाले सुरक्षा और आर्थिक नुकसान के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
वहीं, जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने अराघची से क्षेत्रीय पड़ोसी देशों और अमेरिका के साथ रचनात्मक बातचीत में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संघर्ष को खत्म करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जरूरी हैं। वाडेफुल ने समुद्री मार्ग से सभी जहाजों के सुरक्षित और स्वतंत्र आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी शर्त के खोलने पर जोर दिया।
इससे पहले रविवार को ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति संबंधी संसदीय समिति ने फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में क्षेत्रीय सुरक्षा और टिकाऊ विकास से जुड़ी एक रणनीतिक पहल की व्यापक रूपरेखा को मंजूरी दी थी।
उधर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों को खारिज किया। ईरान की समाचार एजेंसी आईएसएनए के अनुसार, पेजेशकियन ने कहा कि जो व्यक्ति सात से आठ घंटे तक बैठकर चर्चा कर सकता है, उसे स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या नहीं हो सकती। उन्होंने मोजतबा खामेनेई के साथ अपनी बैठक को भी बहुत अच्छी बताया।
मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर लगातार सामने आ रहे दावों के बीच यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले रविवार को ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने एक बिना तारीख वाला वीडियो जारी किया था, जिसमें मोजतबा खामेनेई को स्वस्थ दिखाई देने का दावा किया गया था।
इसी बीच, मोजतबा खामेनेई ने ईरान की सेना और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े छह अहम पदों पर नई नियुक्तियां भी की हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)