सफाई कर्मचारी की हत्या के विरोध में खिचड़ीपुर बस स्टैंड पर जुटे कर्मचारी, न्याय की मांग; पुलिस बल तैनात
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी अनिल कुमार (28) की चाकू से हत्या के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी खिचड़ीपुर बस स्टैंड के पास जुटे। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को न्याय दिलाने और हत्या के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए एनएच-24 पर दिल्ली पुलिस और अतिरिक्त बल की तैनाती की गई।
पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार की रविवार सुबह कल्याणपुरी इलाके में चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने सोमवार दोपहर निहाल उर्फ कुल्ला (52) को गिरफ्तार किया। अनिल के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामले को लेकर सफाई कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे टिपर गाड़ी चालक गुलशन और अपनी पत्नी के बीच कथित नजदीकी होने का शक था। इसी शक के चलते उसने गुलशन को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे 20 ब्लॉक में टिपर पहुंचा, लेकिन वहां गुलशन के बजाय अनिल दिखाई दिया। आरोपी ने गुलशन की तलाश करते हुए अनिल पर हमला कर दिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि अनिल भी गुलशन के साथ उसके घर आता था। पुलिस अब आरोपी के बयानों और हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, हत्या की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सोमवार दोपहर उसे कल्याणपुरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है।
हत्या के विरोध में मंगलवार को कर्मचारियों के जुटने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी न्याय और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)