बदायूं में बसपा नेता आतिफ खां की मार्केट पर चला बुलडोजर, 14 दुकानें ध्वस्त
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसपा नेता आतिफ खां की दो मंजिला मार्केट की 14 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मार्केट का निर्माण पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बिना विभागीय अनुमति के किया गया था।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान दातागंज पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर तैनात रही। नगर पालिका दातागंज के अधिशासी अधिकारी और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू की दुकान की सीढ़ियों को भी बुलडोजर से हटाया गया।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार के मुताबिक, इन दुकानों का निर्माण वर्ष 2005 में आतिफ खां की ओर से कराया गया था। निर्माण के लिए नगर पालिका से नक्शा बनवाया गया था, लेकिन नक्शे में स्पष्ट किया गया था कि इसे वैध कराने के लिए पीडब्ल्यूडी की अनुमति आवश्यक होगी। विभाग के अनुसार, यह अनुमति नहीं ली गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण के दौरान ही संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किए गए थे। अवैध निर्माण हटाने के आदेश पहले ही जारी हो चुके थे, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी। मंगलवार को पुलिस बल मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की।
आतिफ खां पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में बहुजन समाज पार्टी के मंडल अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई भूमि और निर्माण से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)