वृंदावन में साधु वेशधारी युवक पर महिलाओं ने लगाए शोषण के आरोप, गेस्टहाउस में हंगामा; पुलिस ने हिरासत में लिया
वृंदावन। केशव धाम पुलिस चौकी क्षेत्र की आनंद वाटिका कॉलोनी स्थित एक गेस्टहाउस में सोमवार रात उस समय हंगामा हो गया, जब कई महिलाओं ने साधु वेश में मौजूद एक युवक को घेर लिया। महिलाओं ने युवक पर बहला-फुसलाकर शोषण करने और अनैतिक संबंध बनाने के आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।
बताया गया कि चैतन्य विहार के समीप आनंद वाटिका स्थित गेस्टहाउस में रात के समय कुछ महिलाएं पहुंचीं। वहां साधु वेश में मौजूद युवक को देखते ही उन्होंने उसे घेर लिया और आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में मामला गेस्टहाउस से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ अन्य लोगों द्वारा भी युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना को लेकर मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में उसकी युवक से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसे विश्वास में लेकर उसके साथ गलत व्यवहार किया। बाद में युवक के अन्य महिलाओं के संपर्क में होने की जानकारी मिलने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। महिला के अनुसार, मामले की शिकायत चित्तौड़गढ़ कोतवाली में की गई थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
महिला का आरोप है कि समझौते के बावजूद युवक की गतिविधियों में बदलाव नहीं आया। इसके बाद उसने अन्य कथित पीड़ित महिलाओं से संपर्क किया। आरोप है कि महिलाओं ने मिलकर युवक को बातचीत के बहाने वृंदावन बुलाने की योजना बनाई। युवक के आनंद वाटिका स्थित गेस्टहाउस पहुंचने के बाद महिलाओं ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए युवक को हिरासत में लिया है। मामले में महिला की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)