यूपी: योगी के ‘पी यानी पाकिस्तान’ बयान पर अखिलेश का पलटवार, बोले- घबराहट में बदल रहे परिभाषा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए में ‘पी’ को पाकिस्तान से जोड़ने वाले बयान पर पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा कि एकरंगी सोच रखने वाले लोग पीडीए की विविधता को नहीं समझ सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष घबराहट में ‘पी’ की परिभाषा बदल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे-जैसे सत्ता पक्ष की पीड़ा बढ़ेगी, वैसे-वैसे पीडीए और मजबूत होगा। उन्होंने पीडीए का नया अर्थ बताते हुए इसे ‘प्रेम, दया और अपनापन’ से जोड़ा। साथ ही भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग को अधिकार समझने का आरोप लगाया।
भाजपा पर भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और सरकारी बजट के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज पर उत्पीड़न हो रहा है और फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर बड़े लोगों को बचाने का आरोप भी लगाया।
योगी ने सपा पर साधा था निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलती है। उन्होंने पीडीए के ‘पी’ को पाकिस्तान से जोड़ते हुए कहा था कि सपा के बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। योगी ने यह भी कहा कि सपा के लिए ‘पी’ कभी पिछड़ा, तो कभी पंडित रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)