लखनऊ में वेतन विसंगति के खिलाफ डॉक्टरों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के लोकभवन पहुंचने से पहले धरने पर बैठे चिकित्सक; पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा

Thursday, October 15, 2026 - 19:05
0

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में वेतन विसंगति और लंबित एरियर की मांग को लेकर बॉन्डेड डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर 2018, 2019 और 2020 बैच के डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों ने समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने वेतन में असमानता और लंबे समय से लंबित एरियर का मुद्दा उठाते हुए सरकार से समाधान की मांग की। चिकित्सकों का कहना है कि समान योग्यता और समान जिम्मेदारियों के बावजूद वेतन में अंतर किया जा रहा है। उन्होंने इस विसंगति को दूर करने और समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू करने की मांग की।

प्रदर्शन उस समय और तेज हो गया, जब मुख्यमंत्री के लोकभवन पहुंचने से पहले डॉक्टर सड़क पर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारी चिकित्सकों के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को हिरासत में ले लिया और उन्हें ईको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की प्रमुख मांग है कि सरकार वेतन विसंगतियों को दूर करे और लंबित एरियर का भुगतान सुनिश्चित करे। चिकित्सकों ने समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत को लागू करने की मांग करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User