काशी विश्वनाथ मंदिर से सोना गायब होने की शिकायत पीएमओ पहुंची, जांच शुरू
वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर से सोना गायब होने के आरोपों का मामला अब प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता अधिवक्ता नित्यानंद राय का पीएमओ की ओर से फोन पर बयान लिया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर मंदिर प्रशासन ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी के तेलियाबाग निवासी अधिवक्ता नित्यानंद राय ने बीते 29 सितंबर को मंडलायुक्त के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मंदिर के उत्तरी द्वार के ठीक ऊपर दो स्थानों पर लगे स्वर्ण कलश गायब हैं। नित्यानंद राय ने यह भी आरोप लगाया था कि मंदिर के शिखर पर कई स्थानों से सोना निकाला जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मंदिर प्रशासन से इस संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा था कि मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर शिखर से सोना हटाए जाने से जुड़ी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
मामले में पीएमओ द्वारा शिकायतकर्ता का बयान लिए जाने और मंदिर प्रशासन की ओर से आंतरिक जांच शुरू किए जाने के बाद अब जांच के निष्कर्षों पर नजर रहेगी। फिलहाल, सोना गायब होने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)