कानपुर में जर्जर स्कूल के खिलाफ बच्चों का अनोखा प्रदर्शन, चार घंटे तक कक्षाओं से बाहर बैठकर लगाए नारे
कानपुर के घाटमपुर विकासखंड स्थित समूही भटपुरवा गांव में जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन को लेकर शनिवार को छात्र-छात्राओं का विरोध देखने को मिला। नए भवन की मांग को लेकर बच्चों ने कक्षाओं में जाने से इनकार कर दिया और स्कूल के बाहर बैठकर करीब चार घंटे तक नारेबाजी की।
समूही भटपुरवा प्राथमिक विद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। स्कूल के सिर्फ दो कमरों में 122 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। वर्ष 2023 में भवन का एक जर्जर हिस्सा गिरने से एक छात्रा घायल हो गई थी। इसके बाद विभाग की अनुमति से जर्जर हिस्से को गिराकर उसकी नीलामी कर दी गई, लेकिन नया भवन अब तक नहीं बन सका।
तीन साल से नए भवन का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि वे करीब तीन वर्षों से स्कूल के नए भवन की मांग अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने उठा रहे हैं। भवन नहीं होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र भी एक ग्रामीण के घर में संचालित हो रहा है।
बच्चों ने कक्षाओं में जाने से किया इनकार
शनिवार को छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं में जाने से मना कर दिया और स्कूल के बाहर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने बच्चों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर डटे रहे। करीब चार घंटे तक प्रदर्शन के बाद बारिश शुरू हुई तो बच्चे अपने घर चले गए।
अधिकारी बोले- जल्द शुरू होगा निर्माण
मामले की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी दीपक अवस्थी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए केंद्र से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। फिलहाल प्रदेश स्तर की स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलते ही नए भवन का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)