करनाल में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन तार टूटकर कैंटर पर गिरा, रिटायर्ड फौजी की मौत; 20 श्रद्धालु झुलसे
करनाल के घरौंडा में शनिवार देर रात राजस्थान के बागड़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरे कैंटर पर हाईटेंशन बिजली की लाइन टूटकर गिर गई। करंट फैलने से कैंटर में आग लग गई और उसके टायर भी तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे में रिटायर्ड फौजी नरेश कुमार (47) की मौत हो गई, जबकि करीब 20 श्रद्धालु झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, घरौंडा की अनोखा कॉलोनी से करीब 60 महिला, पुरुष और बच्चों को लेकर कैंटर बागड़ धाम के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में कैंटर का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तार टूटकर कैंटर पर गिरते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और आग लग गई।
हादसे के बाद कैंटर में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई श्रद्धालुओं ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को करनाल रेफर किया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अधिक श्रद्धालुओं को बैठाने के लिए कैंटर के ऊपर लोहे के पाइप और रैक लगाकर उसकी ऊंचाई करीब तीन फीट बढ़ाई गई थी। इसी वजह से वाहन हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)