कोटा में साइबर ठगी के 3 कॉल सेंटरों का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार; 57 युवतियां मिलीं
कोटा में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कॉल सेंटरों का खुलासा किया है। गिरोह के मास्टर माइंड समेत 5 आरोपियों को पकड़ा है इनमें दो आरोपी जोधपुर,दो नागौर, एक बीकानेर का रहने वाला है। सभी आरोपी कोटा के बोरखेड़ा इलाके में नीलकण्ठ अपार्टमेन्ट में किराए से रह रहे थे। इन्होने कोटा में इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने के लिए बाकायदा तीन कॉल सेंटर चला रखे थे। इनमें गुमानपुरा में 2 व छावनी में 1 कॉल सेंटर था। पुलिस कार्रवाई में तीनों कॉल सेंटरों पर 57 युवतियां मौजूद मिलीं, जिन्हें लोगों को इन्वेस्टमेंट के लिए आकर्षित करने और फोन पर बातचीत के जरिए प्रभावित करने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। पुलिस को इन कॉल सेंटरों से कई रजिस्टर और कॉपियां भी मिली हैं। इनमें कॉल करने वाली लड़कियों को किस तरह बातचीत करनी है, उन्हें इन्वेस्टमेंट के लिए कैसे तैयार करना है और किस तरह प्रभावित करना है, इसकी पूरी जानकारी लिखी हुई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन 57 लड़कियों में से कितनी साइबर ठगी में सीधे तौर पर शामिल थीं। डीएसपी गंगासहाय शर्मा ने बताया इस पूरे नेटवर्क का मुख्य मास्टरमाइंड मोहम्मद अशफाक है। उसने साइबर ठगी के लिए Fina-Traders.Com नाम से फर्जी वेबसाइट तैयार कर रखी थी। इस वेबसाइट के जरिए लोगों को इन्वेस्टमेंट के नाम पर झांसे में लिया जाता था। लोगों को वेबसाइट पर निवेश करने के बाद उनकी रकम तेजी से बढ़ती हुई दिखाई जाती थी।
हजारों लोगों का डेटा गूगल से डाउनलोड किया
फर्जी तरीके से मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाकर पीड़ितों को भरोसा दिलाया जाता था कि उनका निवेश फायदे में जा रहा है। इसके बाद उनसे और अधिक रकम निवेश करवाने का प्रयास किया जाता था। पुलिस अब वेबसाइट से जुड़े तकनीकी पहलुओं, इसके संचालन और इसके जरिए अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया, इसकी जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कॉलिंग के लिए हजारों लोगों का डेटा गूगल से डाउनलोड किया गया था। पुलिस अब इस डेटा के स्रोत और इसके इस्तेमाल की पूरी जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)