केन नदी के जर्जर पुल पर हजारों गहरे गड्ढे, खतरे में जिंदगी; टूट चुकी रेलिंग, फिर भी जारी आवाजाही

Friday, August 28, 2026 - 18:35
Updated: 3 days ago
0
केन नदी के जर्जर पुल पर हजारों गहरे गड्ढे, खतरे में जिंदगी; टूट चुकी रेलिंग, फिर भी जारी आवाजाही

छतरपुर-पन्ना नेशनल हाईवे-39 पर केन नदी का पुराना पुल इन दिनों बदहाली का शिकार है। पुल की सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जबकि कई स्थानों पर रेलिंग भी टूट चुकी है। बारिश के बीच केन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसके बावजूद पुल से वाहनों की आवाजाही बेरोकटोक जारी है।

बताया जा रहा है कि यह पुल वर्ष 1965 में बनाया गया था। लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव के अभाव में पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। वहीं टूटी रेलिंग के कारण पुल से नीचे गिरने का भी जोखिम बना हुआ है।

पुल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी नजर नहीं आ रहे हैं। न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही जगह-जगह चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

हैरानी की बात यह है कि कुछ लोग जर्जर पुल पर वाहन रोककर सेल्फी लेते हुए भी नजर आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इस महत्वपूर्ण पुल से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।

पुल की बदहाल स्थिति को लेकर छतरपुर और पन्ना प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल की तत्काल जांच, गड्ढों की मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User