विधायक प्रियंका पैंची की पहल रंग लाई, विदिशा–कोटा एक्सप्रेस-वे को मिली मंजूरी से चाचौड़ा क्षेत्र को बड़ी सौगात
मध्यप्रदेश के विदिशा से राजस्थान के कोटा के बीच प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे को मंजूरी मिलने की खबर से चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस महत्वपूर्ण मार्ग को लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रियंका पैंची द्वारा लगातार की गई पहल और केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई मांग अब धरातल पर साकार होती दिखाई दे रही है।
विधायक प्रियंका पैंची ने वर्ष 2024 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र लिखकर चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के मकसूदनगढ़ से अकलेरा (राजस्थान) तक राष्ट्रीय राजमार्ग स्वीकृत किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी थी। पत्र में उन्होंने बताया था कि इस मार्ग के बनने से मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच आवागमन सुगम होगा तथा यात्रियों, व्यापारियों और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
अब सामने आई जानकारी के अनुसार विदिशा–कोटा के बीच करीब 275 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे के निर्माण का प्रस्ताव आगे बढ़ा है। प्रस्तावित मार्ग कोटा–झालावाड़–अकलेरा–मकसूदनगढ़–बैरसिया–विदिशा को जोड़ेगा। इस परियोजना पर लगभग 5,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान बताया गया है।
चाचौड़ा क्षेत्र के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह मार्ग?
प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे से मकसूदनगढ़, अकलेरा और आसपास के क्षेत्रों को तेज और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
वर्तमान में विदिशा और कोटा के बीच सड़क मार्ग की दूरी लगभग 349 किलोमीटर बताई जा रही है और यात्रा में करीब 7 घंटे 40 मिनट लगते हैं। एक्सप्रेस-वे बनने के बाद दूरी घटकर करीब 275 किलोमीटर और यात्रा समय अधिकतम करीब साढ़े चार घंटे रहने की उम्मीद है।
विधायक की पहल को मिली बड़ी सफलता
विधायक प्रियंका पैंची द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई सड़क की मांग में स्पष्ट रूप से मकसूदनगढ़ से अकलेरा तक राष्ट्रीय राजमार्ग स्वीकृत करने का आग्रह किया गया था। उन्होंने पत्र में इस मार्ग को क्षेत्र के लिए अतिआवश्यक बताते हुए कहा था कि इससे मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
विधायक प्रियंका पैंची ने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़क एवं परिवहन सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रही है। केंद्र सरकार के समक्ष लगातार रखी गई मांगों का परिणाम अब क्षेत्र को मिलने वाली इस बड़ी सौगात के रूप में सामने आ रहा है।
यह एक्सप्रेस-वे चाचौड़ा क्षेत्र को राजस्थान और मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और व्यापारिक विकास को नई गति देने वाला साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)