अतिक्रमण पर प्रशासन की सख्ती, मौके पर ₹15 हजार का स्पॉट फाइन; जेसीबी से हटाया कब्जा, गंदगी फैलाने पर भी कार्रवाई
शहर में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए वार्ड क्रमांक 28 घोषीपुरा में मौके पर ही कार्रवाई की। अभियान के दौरान अतिक्रमण पाए जाने पर दो स्थानों पर 10 हजार और 5 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया गया तथा इसके साथ ही मौके पर जेसीबी बुलाकर अतिक्रमण हटाया गया। सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने पर एक व्यक्ति पर 100 रुपये का स्पॉट फाइन भी किया गया और भविष्य में गंदगी नहीं फैलाने की सख्त हिदायत दी गई। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही अथवा अतिक्रमण पाए जाने पर मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण पर फाइन के साथ तत्काल हटाया गया कब्जा
घोषीपुरा में निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण पाए जाने पर प्रशासन ने केवल जुर्माना लगाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। संबंधित स्थानों पर 10 हजार और 5 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया गया तथा मौके पर ही जेसीबी बुलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इससे क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कार्रवाई के साथ मौके पर ही अतिक्रमण हटाया जाएगा।

गंदगी फैलाने पर भी स्पॉट फाइन
स्वच्छता अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने वाले एक व्यक्ति पर 100 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया। कलेक्टर ने संबंधित व्यक्ति को भविष्य में स्वयं गंदगी नहीं फैलाने तथा अन्य लोगों को भी ऐसा करने से रोकने की हिदायत दी।
समस्या बताई, मौके से ही अधिकारियों को दिए निर्देश
अभियान के दौरान नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं को भी गंभीरता से लिया गया। क्षेत्र में विद्युत पोल नहीं होने की समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। विद्युत विभाग ने निर्धारित अवधि में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।
आजाद कॉलोनी में बच्चों ने स्ट्रीट लाइट नहीं जलने की समस्या बताई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को उसी शाम तक लाइट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

घर-घर पहुंचकर दिया स्वच्छता का संदेश
कलेक्टर ने नागरिकों से घर से ही सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने तथा कचरा संग्रहण वाहन में अलग-अलग डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए केवल प्रशासन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। अभियान के दौरान जिन क्षेत्रों में नागरिकों द्वारा समस्याएं बताई जा रही हैं, उनका संबंधित विभागों के माध्यम से तत्काल निराकरण कराया जा रहा है।
बच्चों ने भी दिया स्वच्छता का संदेश
आजाद कॉलोनी में बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए टी-शर्ट पहनाई गई। बच्चों ने भी उत्साह के साथ घर के बाहर कचरा नहीं फैलाने तथा सूखे और गीले कचरे को अलग रखने का संदेश दिया।
इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी, डिप्टी कलेक्टर दिव्यांशु शिवहरे, सीएमओ शैलेश अवस्थी सहित नगरीय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)