“आज मैं जिस मुकाम पर हूं, उसमें विधायक जी और राजा साहब का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा” — मानसी वास्त्री
राघौगढ़ की बेटी मानसी वास्त्री के यूरोप की प्रतिष्ठित EHESS पेरिस में पीएचडी के लिए चयन पर आज राघौगढ़ किले पर विशेष सम्मान एवं मुलाकात का अवसर रहा। मानसी अपने माता-पिता के साथ राघौगढ़ किले पर पहुंचीं, जहां पूर्व मंत्री एवं विधायक राघौगढ़ जयवर्धन सिंह जी ने उनका सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मानसी वास्त्री ने अपनी सफलता का श्रेय माननीय विधायक श्री जयवर्धन सिंह जी एवं राजा साहब को देते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंची हैं, उसमें उनके सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि राघौगढ़ से निकलकर पेरिस तक उच्च शिक्षा के लिए पहुंचना उनके लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है, लेकिन इस सफर में परिवार के साथ-साथ उन्हें लगातार मिले सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।
मानसी ने कहा कि “मेरे लिए यह केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह मेरे माता-पिता, मेरे शिक्षकों और उन सभी लोगों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है, जिन्होंने मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। माननीय विधायक जी और राजा साहब ने जिस तरह से मेरा सहयोग किया और समय-समय पर मार्गदर्शन दिया, उसे मैं कभी नहीं भूल सकती।”
उन्होंने राघौगढ़ के अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि सतसाई स्कूल से लेकर डिग्री कॉलेज राघौगढ़ और फिर गुना पीजी कॉलेज तक की शिक्षा ने उनके सफर की नींव तैयार की। अपने क्षेत्र से मिली शिक्षा और संस्कारों को साथ लेकर अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने जा रही हैं।
मानसी ने कहा कि राघौगढ़ की मिट्टी और यहां के लोगों से मिले प्यार एवं आशीर्वाद को वह हमेशा अपने साथ रखेंगी। पेरिस में पीएचडी के दौरान भी उनका प्रयास रहेगा कि वह अपने अध्ययन और शोध के माध्यम से समाज और देश के लिए उपयोगी कार्य कर सकें।
इस अवसर पर जयवर्धन सिंह जी ने मानसी को बधाई देते हुए कहा कि राघौगढ़ की बेटी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मानसी के माता-पिता को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राघौगढ़ की बेटी मानसी वास्त्री की यह उपलब्धि आज पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)