महाकाल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति, नागचंद्रेश्वर मंदिर में छह श्रद्धालु घायल; हरसिद्धि मंदिर में 13 की तबीयत बिगड़ी
उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान करीब छह श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं, हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान नीलकंठ द्वार के पास करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के दबाव के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें करीब छह श्रद्धालु घायल हुए।
घायलों को चरक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इनमें उज्जैन, ग्वालियर, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से आए श्रद्धालु शामिल हैं।
बैरिकेडिंग से टकराने पर श्रद्धालु घायल
भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान बैरिकेडिंग से टकराने के कारण हरिश्चंद्र नाम के श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट आई। अन्य घायल श्रद्धालुओं का भी अस्पताल में उपचार किया गया।
हरसिद्धि मंदिर में भी बिगड़ी श्रद्धालुओं की तबीयत
हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से भीड़ का दबाव बन गया। इसके चलते करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित करने के साथ भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू होने की जानकारी है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)