बारिश में बीमार बुजुर्ग को जवानों ने दिया कंधा, अस्पताल पहुंचाकर पेश की इंसानियत की मिसाल
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भीमापुरम गांव से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जवानों की मानवता की मिसाल पेश करने वाली तस्वीर सामने आई है। ड्यूटी से लौट रहे डीआरजी गोल्फ टीम के जवानों ने बारिश के बीच एक बीमार बुजुर्ग को चारपाई पर अस्पताल ले जा रहे ग्रामीणों को देखा। इसके बाद जवानों ने बिना देर किए बुजुर्ग को अपने कंधों पर उठाया और अस्पताल तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस पर ड्यूटी पूरी करने के बाद डीआरजी के जवान वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुछ ग्रामीणों पर पड़ी, जो बारिश के बीच एक बीमार बुजुर्ग को चारपाई पर लेकर पैदल जा रहे थे।
जवानों ने ग्रामीणों को रोककर बुजुर्ग की हालत और एंबुलेंस की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत खराब है और एंबुलेंस नहीं मिल सकी, जिसके चलते वे चारपाई के सहारे उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं।
ग्रामीणों की परेशानी देखते हुए जवानों ने मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया। उन्होंने बुजुर्ग को अपने कंधों पर उठाया और बारिश के बीच अस्पताल तक पहुंचाया। जवानों के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जवानों की यह पहल ड्यूटी के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद और मानवता के प्रति उनकी जिम्मेदारी की मिसाल बनकर सामने आई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)