रायपुर के ब्लू वाटर में तैरने की शर्त पड़ी भारी: 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूबा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
रायपुर। माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक की पानी में डूबने के बाद तलाश जारी है। बुधवार शाम तैरकर तालाब के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की शर्त के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और उसके बाद दिखाई नहीं दिया।
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरकर दूसरी ओर जाने को लेकर शर्त लग गई। आदिल और उसका दोस्त तौफीक पानी में उतर गए।
दोनों कुछ दूरी तक तैरते हुए आगे बढ़े, लेकिन तालाब के बीच पहुंचने के बाद आदिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। तौफीक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों युवकों को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में तालाब के बीच पहुंचने के बाद आदिल दिखाई देना बंद हो जाता है।
गुरुवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है। बचाव दल पानी में युवक की तलाश कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)