लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, सात श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल; प्रशासन ने बताई हादसे की वजह
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
लखीसराय के एसडीपीओ शिवम कुमार ने घटना में सात लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कई अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, प्रशासनिक टीम सुबह करीब 4:30 बजे से ही मंदिर परिसर में मौजूद थी। श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ के बीच अशोकधाम हॉल्ट पर दो ट्रेनों के ठहरने से भीड़ और बढ़ गई। उस समय श्रद्धालुओं की कतार हॉल्ट तक पहुंच गई थी।
डीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से पुलिस बल, स्वास्थ्यकर्मियों, एंबुलेंस, टोटो एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से की गई थीं। इसी दौरान करीब 6:40 से 6:45 बजे के बीच भीड़ का दबाव बढ़ने से एक तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई। इसके बाद कुछ श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रशासन के अनुसार, इसी दौरान अचानक एक बिजली का पोल भी गिर गया। यह पोल पुरुष श्रद्धालुओं की कतार के दाहिनी ओर स्थित था। घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। घटना में सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। प्रशासन की टीमें मंदिर परिसर में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)