RSS पर राहुल गांधी का हमला: बोले- ‘कोई कैसे जान सकता है 1.5 अरब लोगों की सच्चाई?’
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में आयोजित ‘हरा भरा स्वराज: राजीव गांधी के विजन को श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम में आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की 1.5 अरब आबादी की सच्चाई को कोई एक व्यक्ति या संगठन पूरी तरह जानने का दावा नहीं कर सकता।
राहुल गांधी ने कहा कि हर व्यक्ति के अपने अनुभव और परिस्थितियां होती हैं। उनके मुताबिक, किसी दूसरे व्यक्ति की वास्तविकता को पूरी तरह समझने का दावा करना गलत है। उन्होंने कहा कि यही उनकी आरएसएस के साथ मुख्य वैचारिक असहमति है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में मौजूदा वैचारिक लड़ाई केवल पर्यावरण, राजनीति या स्वतंत्र मीडिया तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, मूल सवाल यह है कि क्या कोई संगठन या समूह यह तय कर सकता है कि देश के हर नागरिक की सच्चाई क्या है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, निष्पक्ष परीक्षाओं, वित्तीय व्यवस्था और मजबूत पंचायती राज को स्वराज के लिए जरूरी बताया। राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब देश के हर व्यक्ति को यह महसूस हो कि वह भारत का हिस्सा है और उसकी आवाज की भी अहमियत है।
राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए। उनके मुताबिक, भारत की विविधता को समझने के लिए हर नागरिक के अनुभव और विचारों को महत्व देना जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)