नेपाल बाढ़ त्रासदी: मृतकों की संख्या 626 पहुंची, 2400 से ज्यादा लोग अब भी लापता
काठमांडू। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 626 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2,426 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां अभियान में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में दक्षिणी मध्य तराई क्षेत्र का चितवन जिला शामिल है। जिला प्रशासन के मुताबिक, बाढ़ के बाद अब तक 233 शव बरामद किए गए हैं, लेकिन इनमें से केवल चार शवों की ही पहचान हो सकी है। प्रशासन ने बताया कि अधिकांश शव और मानव अवशेष सड़ चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना बेहद कठिन हो गया है। शेष शवों को स्वास्थ्य संस्थानों और विशेष केंद्रों में सुरक्षित रखा गया है तथा पहचान के लिए डीएनए नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।
बाढ़ में नेपाल के अलावा करीब 30 देशों के नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक और यात्री लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, सुरक्षित लौटे कई भारतीय पर्यटकों ने जलप्रलय और तबाही के भयावह मंजर को साझा करते हुए बताया कि कुछ ही मिनटों में नदियां उफान पर आ गईं और कई बस्तियां पानी और मलबे में समा गईं।
इस बीच बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, तिब्बत में भूस्खलन के मलबे से बनी झील का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। इससे क्षेत्र में एक बार फिर भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नेपाल प्रशासन और राहत एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
नेपाल सरकार, सेना, पुलिस और अंतरराष्ट्रीय राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत सामग्री पहुंचाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। वहीं, कई सड़कों और पुलों के बह जाने से संपर्क व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे बचाव कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)