चौरसिया समाज के चुनाव में नरेश चौरसिया की जीत, गोपाल चौरसिया बने उपाध्यक्ष
गुना। चौरसिया समाज के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को देवेंद्र सिंह मधुरानी लोढ़ा पत्रकार भवन में चुनाव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे समाजजनों ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चुनाव के दौरान परिसर में बनाया गया सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां समाज के लोगों ने तस्वीरें खिंचवाईं।
अध्यक्ष पद के लिए नरेश चौरसिया और गोपाल चौरसिया के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसके बाद शाम 5:30 बजे मतगणना शुरू की गई। कुल 534 मत पड़े, जिनमें 11 मत निरस्त हुए। 523 वैध मतों में नरेश चौरसिया को 286 और गोपाल चौरसिया को 237 वोट मिले। इस तरह नरेश चौरसिया ने 49 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद हासिल किया।

जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश चौरसिया ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गोपाल चौरसिया को समाज का उपाध्यक्ष मनोनीत किया। इस अवसर पर समाजजनों ने पूर्व अध्यक्ष सुभाष चौरसिया, नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश चौरसिया और उपाध्यक्ष गोपाल चौरसिया का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

समाज के पदाधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों और चुनाव समिति के सदस्यों का आभार जताया। इसके बाद नरेश चौरसिया और गोपाल चौरसिया ने समाज के सभी मतदाताओं एवं सदस्यों का धन्यवाद किया।

चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में संरक्षक सुभाष चौरसिया, रमेश चौरसिया, मनोज चौरसिया, बालमुकुंद चौरसिया, रामसिंह चौरसिया और राधारमन चौरसिया सहित निर्वाचन अधिकारी राजवेंद्र चौरसिया, भानुप्रताप चौरसिया, देवेंद्र चौरसिया और अक्षय जय चौरसिया का विशेष योगदान रहा। चुनाव समिति के सदस्यों और नवयुवा मंडल के सदस्यों ने भी चुनाव व्यवस्था में सहयोग किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)