योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को लाभ दिलाएं: सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे
गुना। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन और जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक दुबे की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की मौजूदगी में लंबित पत्रों, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी सहित विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत आगामी 27 अगस्त को मकसूदनगढ़ तहसील में प्रस्तावित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों की समीक्षा से हुई। सीईओ अभिषेक दुबे ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि जनहितकारी योजनाओं और गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठा सकें। स्वास्थ्य और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित शिविर या जांच गतिविधियां आयोजित करने वाले विभागों को कार्यक्रमों की जानकारी एक दिन पहले ही व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्यार्थियों को उपलब्ध पठन सामग्री का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। सीईओ ने विद्यालयों और आईटीआई में उपलब्ध पुस्तकों एवं अन्य अध्ययन सामग्री का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए उसे विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री जनमन योजना की समीक्षा के दौरान सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को अप्रारंभ आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य प्राथमिकता से शुरू कर समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण करने और संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से जानकारी दर्ज कराने को कहा गया।
बैठक में बंद पड़ी नल-जल योजनाओं और विद्युत कनेक्शन विच्छेदन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित नीति आयोग से संबंधित विभागों को निर्धारित मानकों और कॉम्पोनेंट्स के अनुसार योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
अपर कलेक्टर अखिलेश जैन ने सभी विभाग प्रमुखों को शासकीय कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने फूड सेफ्टी विभाग को खराब पाए गए खाद्य नमूनों की जांच और आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही फूड सेफ्टी वैन की सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन इसका लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में विभागवार लंबित शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत ब्लॉकवार लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लंबित पत्रों की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई और प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)