एमएलसी चुनाव: हाथरस में 15,245 मतदाता करेंगे मतदान, स्नातक वर्ग में 86 नए नाम जुड़े
हाथरस। विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हाथरस जिले की नई मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों—हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ—को मिलाकर कुल 15,245 मतदाता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 12,738 स्नातक और 2,507 शिक्षक मतदाता शामिल हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में इस बार 86 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। छह जनवरी को प्रकाशित पिछली सूची में स्नातक मतदाताओं की संख्या 12,652 थी, जो अब बढ़कर 12,738 हो गई है। इस दौरान 399 नामों में संशोधन भी किया गया है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 14 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,507 मतदाता दर्ज हैं। इस सूची में संख्या में बदलाव नहीं हुआ है, हालांकि 109 नामों में त्रुटियों को ठीक करने की प्रक्रिया पूरी की गई है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में आठ मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से एमएलसी चुनाव को लेकर मतदाता सूची और बूथों का निर्धारण पूरा कर लिया गया है। हाथरस जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों को इस निर्वाचन क्षेत्र के तहत शामिल किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर भी आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की वर्ष 2026 की मतदाता सूचियों और संबंधित चुनावी दस्तावेजों को उपलब्ध कराया गया है।
एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी के अनुसार, एमएलसी चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार कर ली गई है और बूथों का निर्धारण भी कर दिया गया है। अब निर्वाचन से जुड़ी अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)