विधायक निधि में 35% कमीशन के आरोपों की विजिलेंस जांच शुरू, भाजपा और सपा के दो विधायक जांच के दायरे में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधायक निधि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की अनुशंसा के बदले 35 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने के आरोपों की विजिलेंस जांच शुरू हो गई है। यह कार्रवाई आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान द्वारा शुरू की गई है। मामले में भाजपा और समाजवादी पार्टी के दो मौजूदा विधायकों की भूमिका जांच के दायरे में है।
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने एक मीडिया स्टिंग रिपोर्ट का हवाला देते हुए महराजगंज सदर सीट से भाजपा विधायक जय मंगल कन्नौजिया और आजमगढ़ की मेंहनगर सीट से सपा विधायक पूजा सरोज के खिलाफ विजिलेंस में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक निधि से विकास कार्यों की संस्तुति देने के एवज में 35 प्रतिशत कमीशन की मांग और लेन-देन से संबंधित बातचीत स्टिंग के दौरान सामने आई।
अमिताभ ठाकुर ने शिकायत के साथ उपलब्ध ऑडियो-वीडियो और अन्य सत्यापन योग्य सामग्री की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की थी। साथ ही आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया था।
अमिताभ ठाकुर के मुताबिक, शिकायत के बाद उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की गोरखपुर इकाई के एक निरीक्षक ने उनसे संपर्क किया और मामले से संबंधित जानकारी तथा उपलब्ध साक्ष्यों का विवरण लिया। उन्हें बताया गया कि प्रकरण में जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कदम आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
जांच के दौरान विजिलेंस की ओर से स्टिंग से जुड़े तथ्यों के साथ-साथ बैंक खातों, विधायक निधि से संबंधित अनुशंसाओं और अन्य दस्तावेजी व तकनीकी साक्ष्यों का सत्यापन किया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)