दमोह के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को सौंपे तीन मांग पत्र
दमोह। दमोह के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, यातायात और जलभराव की समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को तीन महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपे। इनमें शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण की मांग की गई है।
पहले मांग पत्र में दमोह नगर की दो प्रमुख सड़कों को लेकर प्रस्ताव रखा गया है। सुभाष कॉलोनी से जबलपुर नाका चौकी तक 2.35 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 13.35 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव है। वहीं, सीताबावड़ी से हटा नाका तक 3.05 किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी सड़क के लिए 6.38 करोड़ रुपये की मांग की गई है। इन सड़कों के निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद जताई गई है।
दूसरे मांग पत्र में दमोह-सागर मुख्य मार्ग पर करौंदया नाला की पुलिया को तीन गुना चौड़ा करने की मांग की गई है। बताया गया कि हर बारिश के दौरान हिरदेपुर, आमचौपरा, वैशाली नगर, श्याम नगर और सुभाष कॉलोनी समेत कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है। ऐसे में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत के लिए पुलिया का चौड़ीकरण जरूरी बताया गया है।
तीसरे मांग पत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में आठ सड़कों के निर्माण की मांग रखी गई है। पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने कहा कि दमोह शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी समान विकास प्राथमिकता है। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों को जल्द मंजूरी दिलाने के लिए प्रयास किए जाने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)