गुना की डॉ. सुनीता यादव धाकरे को राष्ट्रीय स्तर पर FICOG सम्मान, जिले की पहली स्त्री रोग विशेषज्ञ बनीं फेलोशिप प्राप्त करने वाली चिकित्सक

Monday, August 24, 2026 - 22:28
Updated: 2 months ago
0
गुना की डॉ. सुनीता यादव धाकरे को राष्ट्रीय स्तर पर FICOG सम्मान, जिले की पहली स्त्री रोग विशेषज्ञ बनीं फेलोशिप प्राप्त करने वाली चिकित्सक

गुना। गुना की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता यादव धाकरे ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु में आयोजित 11वें आईसीओजी-फॉक्सी राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें प्रतिष्ठित FICOG (मानद फेलोशिप) उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान चिकित्सा सेवा, शोध और महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

डॉ. सुनीता यादव धाकरे गुना जिले की पहली स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित फेलोशिप प्राप्त हुई है। उनकी इस उपलब्धि को जिले के चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण माना जा रहा है। उनकी सफलता विशेष रूप से युवा चिकित्सकों और महिला डॉक्टरों के लिए प्रेरणादायक है।

डॉ. सुनीता की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय, ग्वालियर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और वहीं से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में उच्च शिक्षा प्राप्त की। आगे के चिकित्सकीय प्रशिक्षण के लिए उन्होंने दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से सीनियर रेजिडेंसी पूरी की।

गुना लौटने के बाद उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में सेवाएं देते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान दिया। वर्तमान में वे सिद्धिविनायक हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और आईएमए गुना पिंक हेल्थ की सेक्रेटरी के रूप में भी सक्रिय हैं।

चिकित्सा के अलावा डॉ. सुनीता यादव धाकरे की कला, साहित्य, योग और अध्यात्म में भी विशेष रुचि है। वे आईएमए की राष्ट्रीय स्तर की नृत्य प्रतियोगिता में विजेता रह चुकी हैं। साथ ही कविताओं के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी देती हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से गुना के चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है। चिकित्सकों और शुभचिंतकों ने डॉ. सुनीता यादव धाकरे को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User