फरीदाबाद में बुलेट प्रूफ वाहन तैयार करने वाली वर्कशॉप पर सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, चार वाहन कब्जे में
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद ने थाना तिगांव क्षेत्र में बुलेट प्रूफ वाहन तैयार करने वाली एक वर्कशॉप पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वर्कशॉप में दो टोयोटा फॉर्च्यूनर और दो स्कॉर्पियो समेत चार वाहन मिले, जिनमें बुलेट प्रूफिंग का काम किया जा रहा था। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते को 20 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि ईएसएसआर पेट्रोल पंप के पास, गांव तिगांव क्षेत्र में स्थित एक वर्कशॉप में वाहनों को बुलेट प्रूफ बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने थाना तिगांव पुलिस के साथ संयुक्त रूप से वर्कशॉप का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान वर्कशॉप में चार वाहन खड़े मिले, जिनमें दो टोयोटा फॉर्च्यूनर और दो स्कॉर्पियो शामिल थीं। टीम के अनुसार, दो स्कॉर्पियो वाहनों में बुलेट प्रूफिंग का काम लगभग पूरा हो चुका था, जबकि दो अन्य वाहनों में काम चल रहा था। निरीक्षण के दौरान वाहनों में स्टील शीट और बुलेट प्रूफ शीशे लगाए जाने की बात सामने आई।

मौके पर वर्कशॉप संचालक प्रमोद कुमार निवासी सेक्टर-3, बल्लभगढ़ मौजूद मिला। संयुक्त टीम ने उससे वाहनों को बुलेट प्रूफ बनाने के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन वह कोई वैध अनुमति या एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद थाना तिगांव पुलिस ने मौके पर मिले चारों वाहनों को कब्जे में ले लिया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)