मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की जामनेर से शुरुआत, मौके पर ही हुआ जनसमस्याओं का समाधान
गुना (आरएनआई) ‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के अंतर्गत शुक्रवार को जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर जनपद पंचायत राघौगढ की ग्राम पंचायत जामनेर के मंडी प्रांगण में आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याओं के आवेदन प्राप्त किए गए तथा बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए,वहीं जरूरतमंदों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें विभागवार दर्ज कर समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस अवसर पर प्रशासन ने आमजन से सेवा, समर्पण और विकास के इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।
y
प्रत्येक शुक्रवार को गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन : जिला पंचायत अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव होगा, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा तथा शेष प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र में गुलाब एवं थाइ पिंक अमरूद की उन्नत खेती कर रहे किसानों की सराहना करते हुए कहा कि ये मॉडल अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी हैं। साथ ही उन्होंने समाज से नशे के विरुद्ध आगे आने तथा नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस प्रशासन को देने की अपील की।
नशे के खिलाफ जनजागरूकता सबसे बड़ा हथियार : पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रशासन लोगों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नशीरपुर क्षेत्र में मेडिकल कैंप लगाकर पांच लोगों को नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया तथा तीन आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं अपने परिवार और समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाएं तो इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से "नशामुक्ति दूत" बनने की अपील की।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही अभियान का उद्देश्य : कलेक्टर
कलेक्टर ने कहा कि ‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ की शुरुआत जामनेर से की गई है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक सप्ताह एक दिन सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड में भेजकर यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में पात्र लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अधिकांश आवेदनों का निराकरण मौके पर किया गया है तथा शेष प्रकरणों का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने सरपंचों एवं सचिवों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत हितग्राहियों की सूची पंचायत भवन में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, जिससे पात्र हितग्राहियों को जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता जैसे मामलों में जरूरतमंदों की लगातार मदद कर रहा है तथा समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाकर फूलों सहित विविध फसलों की खेती से बेहतर आय अर्जित कर रहे किसानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा हैं।
विभागीय स्टॉलों पर मिली जानकारी, आवेदनों का हुआ पंजीयन
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के आवेदन प्राप्त किए गए। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सभी आवेदनों का पंजीयन कर संबंधित विभागों को भेजा गया। कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर उनको हितलाभ वितरित किये, जबकि शेष आवेदनों को विभागवार दर्ज कर उनके समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे, एसडीएम अमित सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)