कांग्रेस और राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, हामिद अंसारी के बयान को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने साधा निशाना

Monday, September 21, 2026 - 13:12
0
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, हामिद अंसारी के बयान को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने साधा निशाना

नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के हिंदू राष्ट्रवाद को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है। भाजपा ने अंसारी के बयान को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब वामपंथी और मुस्लिम लीग की विचारधारा के करीब पहुंच गई है। उन्होंने अंसारी के बयान के संदर्भ में जवाहरलाल नेहरू की वामपंथ को लेकर सोच का भी जिक्र किया और कहा कि इस बात को सामने रखने के लिए अंसारी को बधाई दी जानी चाहिए।

सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अब ‘अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर बढ़ गई है। उन्होंने राहुल गांधी के 2 जून 2023 को वॉशिंगटन डीसी में मुस्लिम लीग को लेकर दिए गए बयान का जिक्र किया और दावा किया कि कांग्रेस केरल में उसी मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन में है, जिसे भाजपा मोहम्मद अली जिन्ना से जुड़ी मुस्लिम लीग के रूप में पेश करती है।

त्रिवेदी ने कहा कि अगर कोई यह कहता है कि केरल की इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और जिन्ना की मुस्लिम लीग का कोई संबंध नहीं है, तो यह गलत है। उन्होंने मोहम्मद इस्माइल का जिक्र करते हुए दोनों संगठनों के ऐतिहासिक संदर्भों को जोड़ने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर आज की मुस्लिम लीग को स्वतंत्रता से पहले की मुस्लिम लीग से अलग माना जाता है, तो इसी तरह आज की कांग्रेस को भी स्वतंत्रता से पहले वाली कांग्रेस नहीं कहा जा सकता।

भाजपा प्रवक्ता ने विकीलीक्स के हवाले से राहुल गांधी की एक कथित बातचीत का भी जिक्र किया और दावा किया कि उसमें लश्कर-ए-तैयबा की तुलना में हिंदू जागरण को बड़ा खतरा बताया गया था। उन्होंने इसे कांग्रेस की कथित वैचारिक सोच से जोड़ते हुए कहा कि नेहरू की विचारधारा का प्रभाव आज भी कांग्रेस में दिखाई देता है।

त्रिवेदी ने 2013 में तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के आरएसएस से जुड़े एक बयान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिंदे ने शिक्षण शिविरों के जरिए कथित रूप से विनाशकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही थी, लेकिन संसद में सवाल उठने के बाद अपना बयान वापस ले लिया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User