ओडिशा में जमुई जैसी घटना: बाइक सवार युवक-युवती को घेरकर मारपीट, युवती से बदसलूकी; दो हिरासत में
ढेंकनाल। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी की घटना के बाद अब ओडिशा के ढेंकनाल जिले से भी युवक-युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
बताया गया कि युवक और युवती मोटरसाइकिल से कपिलाश गए थे। लौटते समय कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, कहासुनी के बाद स्थानीय लोगों के एक समूह ने उनका पीछा किया और रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों को घेरकर उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई लोग युवक-युवती को घेरते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक के साथ मारपीट और युवती के साथ कथित बदसलूकी होती दिखाई दे रही है। युवती लोगों से दोनों को छोड़ने की अपील करती नजर आती है। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।
पुलिस अधिकारी अभिनव सोनकर के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस घटना का सही समय और पूरे घटनाक्रम की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कपल समेत कटक जिले के चार लोग दो मोटरसाइकिलों से कपिलाश गए थे। वापस लौटते समय समूह के एक व्यक्ति का स्थानीय युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद स्थानीय युवक ने अपने परिवार के कुछ लोगों को बुलाया, जिन्होंने कथित तौर पर कपल का पीछा किया और उन्हें रोककर मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्ति एक ही परिवार के हैं। अधिकारी के अनुसार, पुलिस विवाद की शुरुआत से लेकर मारपीट तक पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)