यूपी: ‘नकल माफिया की कमर तोड़ने को पूर्व डीजीपी को अध्यक्ष बनाया’, सीएम योगी बोले- पहले आपके अधिकार पर पड़ता था डाका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में माध्यमिक विद्यालयों को 3567 नए शिक्षक, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक मिले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता (पीजीटी) और 2372 सहायक अध्यापक (टीजीटी) शामिल हैं। कार्यक्रम का प्रदेशभर में लाइव प्रसारण भी किया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि एक शिक्षक सालभर में 100 छात्रों से संवाद करता है तो सभी शिक्षक मिलकर 3.5 लाख से अधिक बच्चों को मार्गदर्शन देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बुनियादी ढांचा तैयार कर सकती है और उद्योग लगाने में मदद कर सकती है, लेकिन इन व्यवस्थाओं को गति देने का काम शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विद्यार्थी करेंगे। यही प्रक्रिया आगे बढ़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देगी।
सीएम योगी ने शिक्षा के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भारत दुनिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का संचालन करता था, तब वह विश्वगुरु था। उन्होंने राम, महर्षि अगस्त्य, भगवान कृष्ण और गुरु सांदीपनि के उदाहरण देते हुए समान शिक्षा और आदर्श गुरु-शिष्य परंपरा की बात कही। उन्होंने कहा कि जिस पंक्ति में कृष्ण पढ़ेंगे, उसी पंक्ति में गरीब सुदामा भी पढ़ेंगे। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भी वैज्ञानिक होने के बावजूद स्वयं को गुरु के रूप में व्यक्त करते थे।
नकल और भर्ती व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल माफिया की कमर तोड़ने के लिए पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पहले छात्रों के अधिकार पर डाका पड़ता था और इसी को रोकने के लिए व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं।
प्रयागराज में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने संबंधित अधिकारियों से छात्रों को राहत देने के लिए कहा है, ताकि उन्हें भी अवसर मिल सके। उन्होंने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए ‘सैफई सिंडिकेट’ का भी जिक्र किया और कहा कि उनकी सरकार नियुक्तियां जारी रखेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर गिनती नहीं आती तो चाचा शिवपाल से गिनती सीख लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)