अभिषेक बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें, बिलबोर्ड विवाद में पुलिस ने भेजा नोटिस; अब तक 14 गिरफ्तार
कोलकाता में बिलबोर्ड हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में कोलकाता पुलिस ने अभिषेक बनर्जी को नोटिस जारी कर मंगलवार दोपहर शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए कहा है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर शाम उनके आवास पर यह नोटिस पहुंचाया गया।
दरअसल, इस सप्ताह की शुरुआत में टीएमसी के चुनाव चिन्ह वाले बिलबोर्ड को हटाने के दौरान विवाद खड़ा हो गया था। कोलकाता नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर सड़क की ओर लगे बिलबोर्ड को हटाए जाने के दौरान पुलिस और अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से जुड़े लोगों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई थी।
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और निजी सुरक्षा गार्डों के साथ विवाद हुआ। वहीं, टीएमसी नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने आरोप लगाया था कि पुलिस कथित तौर पर गैरकानूनी नोटिस लेकर कार्यालय में दाखिल हुई और वरिष्ठ नेताओं के साथ मारपीट करने के अलावा पार्टी समर्थकों तथा कार्यालय कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और अब तक 14 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है। पुलिस ने अभिषेक बनर्जी को मामले की जांच में शामिल होने के लिए मंगलवार को थाने में उपस्थित होने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)