यूपी में 26 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का अखिलेश यादव का ऐलान, 2027 में सरकार बनने पर पीडीए को आबादी के अनुसार हक देने का दावा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े दावे और घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर भाजपा शासन के दौरान बंद किए गए करीब 26 हजार स्कूलों को फिर से खोला जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के लोग बड़ी संख्या में पढ़ते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी दी जाएगी।
सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के पास अब समय बहुत कम बचा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग का ऑडिट कराया जाएगा और यह बताया जाएगा कि विभाग में कितना भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने प्रदेश की खराब सड़कों और सिंचाई विभाग में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया।
भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने मंदिरों में दान के धन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता अब सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में लोग भाजपा को बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं।
कानून व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों के अपराधी उत्तर प्रदेश में आकर वारदात कर रहे हैं और सरकार उन्हें रोकने में विफल है। उन्होंने भ्रष्टाचार, मिलावटी पेट्रोल और त्योहारों के दौरान चीनी की कीमत बढ़ने जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)