नेकां में बगावत: फारूक की चुनौती मंजूर, रूहुल्ला 3 नवंबर को छोड़ेंगे संसद और पार्टी; 370 पर सीधी चुनौती
अनुच्छेद 370 की बहाली के मुद्दे पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के रुख से नाराज श्रीनगर सांसद आगा रूहुल्ला मेहदी ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला की इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ने की चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा है कि वह 3 नवंबर को लोकसभा की सदस्यता के साथ-साथ नेशनल कॉन्फ्रेंस से भी इस्तीफा दे देंगे।
डॉ. फारूक अब्दुल्ला को लिखे दो पन्नों के पत्र में रूहुल्ला ने पार्टी नेतृत्व के सामने अनुच्छेद 370 और जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वह किसी दबाव में इस्तीफा नहीं दे रहे हैं, बल्कि अपने फैसले पर कायम हैं। रूहुल्ला ने यह भी कहा कि वह झूठ और फरेब का हिस्सा नहीं बन सकते।
रूहुल्ला के मुताबिक, वह 3 नवंबर को लोकसभा अध्यक्ष और नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष को औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपेंगे। हालांकि, उन्होंने तुरंत इस्तीफा नहीं देने की वजह भी बताई है। उनका कहना है कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत कुछ जरूरी फंड आवंटित करने हैं और जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों की बहाली के मुद्दे पर श्रीनगर में एक सम्मेलन भी प्रस्तावित है, जिसमें देश के कुछ सांसदों को बुलाया गया है।
पिता की बरसी पर इस्तीफे का ऐलान
3 नवंबर की तारीख रूहुल्ला के लिए व्यक्तिगत रूप से भी महत्वपूर्ण है। इसी दिन उनके पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं बरसी है। उनके पिता की आतंकियों ने आईईडी विस्फोट में हत्या कर दी थी। रूहुल्ला इसी दिन अपने गढ़ बडगाम में एक बड़ी जनसभा करने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि इसी जनसभा के दौरान वह अपना इस्तीफा पत्र सार्वजनिक करेंगे और संसद की सदस्यता छोड़ने के पीछे की वजहों को विस्तार से बताएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)