पन्नू को जान का खतरा होने की चेतावनी, एफबीआई और कनाडाई पुलिस ने किया सतर्क

Wednesday, August 26, 2026 - 12:41
0
पन्नू को जान का खतरा होने की चेतावनी, एफबीआई और कनाडाई पुलिस ने किया सतर्क

खालिस्तान समर्थक संगठन सिख्स फॉर जस्टिस के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दावा किया है कि अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई और कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने उसकी जान को खतरा होने की जानकारी दी है। पन्नू के अनुसार, दोनों एजेंसियों ने उसे सतर्क रहने और यात्रा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।

पन्नू ने बताया कि पिछले गुरुवार को कुछ एफबीआई अधिकारी उससे मिलने पहुंचे थे। उनके अनुसार, अधिकारियों ने उसे चेतावनी दी कि खतरा टलने तक यात्रा न करे। यदि यात्रा करना जरूरी हो, तो अपनी यात्रा की योजना के बारे में पहले से एजेंसी को जानकारी देने की सलाह दी गई है।

पन्नू के मुताबिक, कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने भी मंगलवार को फोन पर उसे जान के खतरे को लेकर चेतावनी दी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सुरक्षा एजेंसियों को किस तरह के संभावित खतरे या साजिश की जानकारी मिली है। दोनों एजेंसियों की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

‘ड्यूटी टू वॉर्न’ के तहत दी गई चेतावनी का दावा

पन्नू ने कहा कि उसे अमेरिका के ‘ड्यूटी टू वॉर्न’ प्रावधान के तहत चेतावनी दी गई है। इसके तहत अमेरिकी कानून प्रवर्तन और खुफिया एजेंसियां किसी व्यक्ति के खिलाफ हत्या, गंभीर शारीरिक नुकसान या अपहरण जैसे विश्वसनीय खतरे की जानकारी मिलने पर संबंधित व्यक्ति को चेतावनी दे सकती हैं।

निखिल गुप्ता की सजा से पहले सामने आया मामला

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में अमेरिका में सजा सुनाई जानी है। गुप्ता ने फरवरी में अपने खिलाफ लगे साजिश के आरोपों में दोष स्वीकार किया था। मैनहट्टन की संघीय अदालत में उन्हें 20 नवंबर को सजा सुनाए जाने की तारीख तय है।

पन्नू की हत्या की कथित साजिश का मामला 2023 में सामने आया था और इसके बाद भारत-अमेरिका संबंधों में भी यह मुद्दा चर्चा में रहा है। हालांकि, पन्नू को मिली कथित नई धमकी के स्रोत और उसके पीछे की साजिश को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User