शिलांग से सांसद डॉ. रिकी एजे सिंगकों का निधन, पीएम मोदी समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक

Friday, February 20, 2026 - 12:40
0
शिलांग से सांसद डॉ. रिकी एजे सिंगकों का निधन, पीएम मोदी समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक

नई दिल्ली (आरएनआई)। मेघालय की शिलांग लोकसभा सीट से सांसद और वॉइस ऑफ द पीपुल पार्टी (वीपीपी) के वरिष्ठ नेता डॉ. रिकी एजे सिंगकों का गुरुवार शाम आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न सिर्फ मेघालय बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि शिलांग से लोकसभा सांसद डॉ. रिकी एजे सिंगकों के निधन से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंगकों को मेघालय के लोगों के लिए उनकी समर्पित सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने भी अपने संदेश में डॉ. सिंगकों को एक समर्पित और दयालु नेता बताया। उन्होंने लिखा कि शिलांग के सांसद के अचानक निधन से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है। डॉ. रिकी में जनता की सेवा के लिए गहरा जुनून और अपने लोगों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता थी, जो उन्हें एक अलग पहचान देती थी।

मेघालय सरकार में मंत्री वैलादमिकी शायला ने कहा कि डॉ. सिंगकों का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है, जिनका उन्होंने प्रतिनिधित्व किया और जिनकी सेवा की।

मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. रिकी एजे सिंगकों गुरुवार शाम मावलाई मावियोंग इलाके के एक मैदान में अपने मित्रों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान वह अचानक अस्वस्थ होकर मैदान पर गिर पड़े। साथियों ने तुरंत उन्हें मावियोंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जाइव स्थित एक अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान रात करीब 8:42 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 54 वर्ष के थे।

उनके निधन की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसोंग, वीपीपी अध्यक्ष आर्डेंट मिलर बसाइयावम सहित कई विधायक और राजनीतिक नेता अस्पताल पहुंचे। उनके आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक का माहौल है।

गौरतलब है कि डॉ. सिंगकों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन बार के सांसद विन्सेंट एच पाला को करीब 3.7 लाख मतों के बड़े अंतर से हराकर शिलांग सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उनके निधन को मेघालय की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि वे कम समय में ही एक प्रभावशाली और लोकप्रिय जननेता के रूप में उभरे थे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User