सत्य निकेतन पीजी हादसा: एक और गिरफ्तारी, बगल की कमजोर इमारत गिराने की कार्रवाई शुरू
नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने के हादसे के बाद प्रशासन ने खतरनाक और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 6 सितंबर को हादसे में गिरी इमारत के बगल में मौजूद कमजोर और खतरनाक इमारत को बुधवार को गिराने का काम शुरू कर दिया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से दिल्ली के सभी पीजी और हॉस्टल का सघन निरीक्षण करने तथा जहां भी अनधिकृत निर्माण मिले, वहां कार्रवाई करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि संबंधित इमारतों के रिकॉर्ड की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि अवैध निर्माण किस वर्ष हुआ तथा उस समय संबंधित क्षेत्र किस अधिकारी या विभाग के अधिकार क्षेत्र में था। उन्होंने एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
महेश समेत तीन लोगों को कोर्ट ले जाया गया
मामले में गिरफ्तार आरोपियों में शामिल महेश की दो दिन की पुलिस हिरासत बुधवार को खत्म हो रही है। उसे साउथ कैंपस थाने से अदालत में पेश करने के लिए ले जाया गया। महेश के साथ एक बिल्डिंग ठेकेदार और एक राजमिस्त्री को भी अदालत में पेश किया जा रहा है।
प्रशासन की कार्रवाई हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच पर भी केंद्रित है। कमजोर और खतरनाक निर्माण को चिन्हित कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि दोबारा इस तरह के हादसे की आशंका को कम किया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)