मुज़फ्फरपुर में इस दिन लगेगा सोलर मेला : PM सूर्य घर योजना से मिलेगा मुफ्त बिजली का लाभ...
मुजफ्फरपुर : घरेलू उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. इसके तहत नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) द्वारा मुज़फ्फरपुर अंचल कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री सूर्य घर के रूप में मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से “सोलर मेला” का आयोजन किया जा रहा है। यह सोलर मेला दिनांक 17 जनवरी 2026 (शनिवार) को NBPDCL, मुज़फ्फरपुर सर्कल ऑफिस परिसर (मुक्तिनाथ मंदिर के पीछे) आयोजित होगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
इस जनोपयोगी कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, मुज़फ्फरपुर श्री सुब्रत कुमार सेन के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। मेले में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जो प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ, केंद्र सरकार की सब्सिडी, तकनीकी पहलुओं तथा आवेदन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी आम उपभोक्ताओं को प्रदान करेंगे।
PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना
-----------------------
इसका उद्देश्य देश के करोड़ों घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़कर उन्हें बिजली खर्च से राहत देना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। यह योजना विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिनकी मासिक बिजली खपत 250 यूनिट से अधिक है। ऐसे उपभोक्ता सोलर सिस्टम स्थापित कर न केवल अपने बिजली बिल में भारी कटौती कर सकते हैं, बल्कि कई मामलों में शून्य बिजली बिल का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
सोलर मेले में अधिकृत सोलर वेंडरों द्वारा घरेलू ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर सिस्टम से संबंधित तकनीकी जानकारी, लागत, इंस्टॉलेशन प्रक्रिया एवं रख-रखाव के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा सोलर सिस्टम स्थापना हेतु उपलब्ध लोन सुविधाओं, आसान किस्तों तथा वित्तीय सहायता पर मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि आम उपभोक्ता बिना आर्थिक बोझ के योजना का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण यह होगा कि वे उपभोक्ता, जो पहले से रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाकर जीरो बिजली बिल प्राप्त कर रहे हैं, वे मंच पर अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे नए उपभोक्ताओं को सोलर ऊर्जा अपनाने के प्रति विश्वास और प्रेरणा मिलेगी।
मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इच्छुक घरेलू उपभोक्ता मौके पर ही PM सूर्य घर योजना के अंतर्गत आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की जानकारी भी वहीं दी जाएगी। यह संपूर्ण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लेकर लाभान्वित हो सकें।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, विद्युत ने जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर संयंत्रों पर केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि
1 किलोवाट से 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर संयंत्र पर ₹30,000 प्रति किलोवाट की दर से सब्सिडी देय है।
वहीं 3 किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि इस सब्सिडी से सोलर सिस्टम की कुल लागत में उल्लेखनीय कमी आती है और उपभोक्ता बहुत कम समय में अपनी लागत की भरपाई कर लेते हैं। इसके बाद वर्षों तक उन्हें मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सोलर मेले में भाग लें, PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक मजबूत कदम उठाएँ। यह पहल न केवल उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी.
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



