यूपी नीट यूजी-2026: दूसरे चरण की काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी, 21 सितंबर से च्वाइस फिलिंग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश नीट यूजी-2026 की दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में एमबीबीएस और बीडीएस की स्टेट कोटे की सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण की मेरिट सूची 21 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी 21 सितंबर को दोपहर 2 बजे से 24 सितंबर को सुबह 11 बजे तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। सीट आवंटन परिणाम 25 सितंबर को जारी होगा।
सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थी 26 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। महानिदेशालय ने स्पष्ट किया है कि दूसरे चरण में सीटों का आवंटन दूसरे चरण की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा और पहले से निर्धारित नियम एवं शर्तें लागू रहेंगी।
पहले चरण में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को राहत
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पहले चरण की काउंसलिंग के माध्यम से सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों या चिकित्सा विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों का दाखिला यथावत रहेगा। वहीं, चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विशेष आरक्षण व्यवस्था से जुड़े मामलों में इलाहाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए संबंधित निर्णयों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों से काउंसलिंग से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइटों को नियमित रूप से देखने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)