अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- वीडियो देखने पर भी मुकदमा कर देगी सरकार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्था, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर सवाल उठाए। अजय सेठ से जुड़े एक वीडियो को साझा करने पर मुकदमा दर्ज किए जाने का हवाला देते हुए उन्होंने तंज कसा कि आगे ऐसी स्थिति भी बन सकती है कि वीडियो देखने वालों पर भी मुकदमा दर्ज हो जाए
अखिलेश यादव ने कहा कि अजय सेठ वाला वीडियो साझा करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कुछ भी हो सकता है और आने वाले समय में वीडियो देखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की स्थिति बन सकती है।
उन्होंने रायबरेली में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर रुकावट पैदा किए जाने का भी मुद्दा उठाया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था चौपट है और भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। उन्होंने संत कबीर नगर में सपा सांसद पप्पू निषाद से जुड़ी घटना का भी जिक्र किया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में महिला अपराध, कथित फर्जी मुठभेड़ और पुलिस हिरासत में मौतों जैसे मुद्दे सामने आ रहे हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं, शुद्ध पेयजल और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट करके उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने के लिए संकल्पित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)