बिहार में फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र से शिक्षक बनने का आरोप, दूसरे अभ्यर्थी के रोल नंबर से हुआ खुलासा; दो पर एफआईआर

Saturday, September 5, 2026 - 14:21
0
बिहार में फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र से शिक्षक बनने का आरोप, दूसरे अभ्यर्थी के रोल नंबर से हुआ खुलासा; दो पर एफआईआर

बेगूसराय के सरकारी स्कूल में शिक्षक की नौकरी हासिल करने के लिए कथित तौर पर फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में एक शिक्षक के नाम से जारी प्रमाणपत्र का रोल नंबर दूसरे अभ्यर्थी के नाम पर दर्ज मिला। जांच के बाद बखरी थाने में दो शिक्षकों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला बखरी प्रखंड की मोहनपुर पंचायत के दो नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों से जुड़ा है।

जांच के दौरान कारीलाल सिंह विद्यालय के शिक्षक अपरजीत कुमार के नियोजन से संबंधित वर्ष 2011 के बीईटीईटी अंकपत्र को सत्यापन के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना भेजा गया था। प्रमाणपत्र में रोल नंबर 1903112228, सीरियल नंबर 011321 और 84 अंक के साथ उत्तीर्ण होने का उल्लेख था।

बोर्ड से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट में सामने आया कि उक्त रोल नंबर अपरजीत कुमार के नाम पर दर्ज ही नहीं था। यह रोल नंबर बुलबुल कुमारी, पिता विश्वनाथ धारी, के नाम पर दर्ज था। रिकॉर्ड के अनुसार बुलबुल कुमारी ने वर्ष 2011 की परीक्षा में 55 अंक प्राप्त किए थे और वह अनुत्तीर्ण थीं।

जांच में सामने आई इस विसंगति के बाद प्रमाणपत्र की वैधता पर सवाल खड़े हो गए। एक तरफ शिक्षक के नाम वाले दस्तावेज में 84 अंक और उत्तीर्ण होने की जानकारी दर्ज थी, वहीं उसी रोल नंबर का वास्तविक रिकॉर्ड दूसरे अभ्यर्थी के नाम पर था, जिसके परीक्षा परिणाम में 55 अंक और अनुत्तीर्ण दर्ज है।

मामले में साधुदेव सदा टोल विद्यालय के एक अन्य शिक्षक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। निगरानी विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां अब दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User